नई दिल्ली : संविधान दिवस के मौके पर लोनी रोड, अशोक नगर स्थित एक निगम प्रतिभा विद्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। नमो आर्मी फाउंडेशन (नरेंद्र मोदी फैन क्लब) की ओर से ‘सेव वॉटर सेव लाइफ’ अभियान पर विचार गोष्ठी के आयोजन के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के लिए निशुल्क बर्तन बैंक भी बनाया गया।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने बच्चों व स्कूल स्टाफ को मोदी सरकार द्वारा पानी बचाने के लिए चलाई जा रही योजनाओं और जल शक्ति मिशन के बारे में बताया। इस मौके पर उन्होंने विद्यालय के 700 छात्रों को उपहार भी बांटे और इसके बाद बर्तन बैंक का उद्घाटन किया। इस दौरान बच्चों को पानी बचाने की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर फाउंडेशन के सरंक्षक व केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अनिल गुप्ता ने दिल्ली के खराब पानी पर चिंता व्यक्त की। मुख्य सलाहकार व पूर्व निगम पार्षद स्वाति गुप्ता ने निगम द्वारा स्कूलों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यक्रम के विषय में चर्चा की। बच्चों ने ‘जल ही जीवन है’ और संविधान दिवस पर गोष्ठी की और रंगारंग कार्यक्रम पेश किए।