नई दिल्ली : तिहाड़ जेल में निर्भया के दरिंदों को फांसी देने के अटकलों के बीच रविवार सुबह जेल नंबर 8 में एक कैदी पंखे के सहारे फंदे से झूल गया। घटना सुबह 6:30 बजे उस समय घटी जब उसी सेल में तीन कैदी गहरी नींद में सो रहे थे। मृतक की पहचान मुनाजिर (25) के रूप में हुई है। तिहाड़ प्रशासन को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया है। हरि नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तिहाड़ जेल के प्रवक्ता व एआईजी राजकुमार ने बताया कि मुनाजिर नामक युवक इसी साल 27 जुलाई से हत्या के एक मामले में जेल नंबर 8 के सेल में बंद था। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे सूचना मिली की उसने अपने सेल में ही पंखे के सहारे फांसी लगा कर सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक मुनाजिर निजामुद्दीन इलाके का रहने वाला था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
वही अन्य कैदी भी मुनाजिर के इस कदम से हैरान है। पुलिस ने बताया कि फंदा कई कपड़ों से जोड़कर बनाया गया था। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि जब उनके सभी साथी गहरी नींद में थे तभी उसने पंखे के सहारे फांसी लगा ली होगी। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हरि नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।