कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन सतीश शर्मा का बुधवार को गोवा में निधन हो गया था। आज उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी के खास दोस्त की अर्थी को कंधा दिया। सतीश शर्मा का पार्थिव शरीर गोवा से दिल्ली लाया गया है। शर्मा के परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा और एक बेटी है।
उनके अंतिम संस्कार में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सतीश शर्मा की उम्र 73 साल थी और वह कैंसर से पीड़ित थे। सतीश गांधी परिवार के करीबी माने जाते थे। सतीश की राजनीति में एंट्री भी पूर्व पीएम राजीव गांधी के चलते हुई थी। इससे पहले वह एक एयरलाइन कंपनी में पायलट के तौर पर काम करते थे।
उनको पहली बार 1986 में राज्यसभा जाने का मौका मिला था। यही नहीं राजीव गांधी की मौत के बाद अमेठी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उन्हें जीत मिली थी। वे 1993 से 1996 के दौरान पीएम नरसिम्हा राव सरकार में पेट्रोलियम मंत्री भी थे। इस दौरान पेट्रोल पंपों के आवंटन को लेकर विवाद छिड़ गया था और उनकी भूमिका को लेकर भी कई बातें कही गई थीं।