राष्ट्रीय राजधानी में 26 जनवरी के दिन हुई हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक और आरोपी मनिंदर सिंह उर्फ मोनी (30) को गिरफ्तार किया है। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ 26 जनवरी को निकाली गई ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किला पर हिंसा हुई थी। इस दौरान लाल किला की धार्मिक झंडा फहराया गया था।
स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने आज बताया कि मनिंदर सिंह लाल किला हिंसा मामले में वांछित था जिसे और मंगलवार शाम को पीतमपुरा के पास से गिरफ्तार किया है। स्वरूप नगर के सिंधी कालोनी स्थित उसके घर से दो तलवार बरामद की गई है। मनिंदर एसी कार मैकेनिक का काम करता है और अपने घर के पास ही खाली प्लॉट में तलवार प्रशिक्षण स्कूल चलाता है।
सिंघू, टिकरी बॉर्डर पर भीड़ छंटी, लेकिन किसान नेताओं ने आंदोलन को पहले से ज्यादा मजबूत बताया
इससे पहले लाल किला हिंसा मामले में अभिनेता दीप सिद्धू, सुखदेव तथा इकबाल सिंह गिरफ्तार किये गए हैं। पुलिस ने दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंत सिंह के बारे में सूचना देने वालों को एक लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी। इसके अलावा पुलिस ने जजबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह और इकबाल सिंह के बारे में सूचना देने वालों के लिए 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने की किसान संगठनों की मांग के समर्थन में 26 जनवरी को किसानों ने ट्रैक्टर परेड निकाली थी और इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी लाल किले तक पहुंच गए थे और उन्होंने वहां प्राचीर पर किसानों के झंडे और धार्मिक झंडा लगा दिया था। पुलिस ने 26 जनवरी को हुई हिंसा मामले में 44 मामले दर्ज किए हैं। इनमें अभी तक 143 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



