ग्वालियर : नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि संबल योजना अनेकों के लिए सहायक बनी है। इस योजना के माध्यम से असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिकों को अनेक योजनाओं का लाभ मिलने लगा है। पंजीकृत लोगों के परिवार में एक नया सवेरा लेकर आई है संबल योजना। माया सिंह ने वार्ड-29 के शारदा विहार में संबल योजना के तहत स्मार्ट कार्ड वितरण समारोह में यह बात कही। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद मेहताब सिंह कंषाना, श्री गिर्राज कंषाना, उपायुक्त नगर निगम एपीएस भदौरिया सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में संबल हितग्राही उपस्थित थे।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि वार्ड-29 एवं 60 के 8 हजार 500 असंगठित श्रमिकों को संबल योजना के तहत पंजीकृत किया गया है। इन सभी हितग्राहियों को स्मार्ट कार्ड का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट कार्ड धारकों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सभी को सरकार द्वारा 200 रूपए प्रति माह पर विद्युत की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा असंगठित श्रमिकों के पुराने सभी बिजली बिल माफ करने का ऐतिहासिक कार्य भी किया है। देश का प्रथम राज्य होगा, जिसमें पुराने बिजली बिल माफ करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पंजीकृत व्यक्ति के परिवार में अगर कोई दुर्घटना होती है तो सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपए तथा दुर्घटना से मृत्यु होने पर 4 लाख रूपए सहायता राशि देने का प्रावधान भी किया गया है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व पार्षद मेहताब सिंह कंषाना ने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ सीधे हितग्राही और उसके परिवार को मिल रहा है। क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग इसमें पंजीकृत हों, इसके लिये शासकीय अमले के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी विशेष प्रयास किए हैं। योजना के तहत अभी भी जो लोग पंजीकृत होने से छूट गए हैं, उनके पंजीयन का कार्य किया जा रहा है। समारोह में नगरीय विकास मंत्री माया सिंह ने पंजीकृत संबल योजना के हितग्राहियों को संबल कार्ड का वितरण भी किया।