नगर निगम चुनाव से पहले दिल्ली कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शुमार व दिल्ली नगर निगम कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में उन्होंने आप की सदस्यता ग्रहण की।
बीते काफी समय से 5 बार पार्षद रह चुके मुकेश गोयल के आम आदमी पार्टी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे लेकिन आखिरकार उन्होंने इसपर अपना फैसला लेते हुए आज आप ज्वाइन कर ली। उनके साथ कई और सदस्य भी आप में शामिल हुए हैं।
इससे पहले श्रीराम कालोनी वार्ड 64-ई से आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद साहिस्ता ने कांग्रेस का दामन थामा था। लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को झटका दिया है। दिल्ली निगम चुनाव में कांग्रेस की हालत पहले से ही नाजुक रही है और मुकेश गोयल के जाने के बाद हालत और बिगड़ सकती है।
दरअसल दिल्ली की सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी को नगर निगम चुनाव में पिछली बार करारी हार का सामना करना पड़ा था। वहीं दिल्ली के तीनों निगमों में बीजेपी ने बहुमत हासिल किया था। इन चुनावों में जीत के लिए आप और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।