नई दिल्ली : भजनपुरा, खजूरी, शास्त्री पार्क, सीमापुरी, नंद नगरी, हर्ष विहार, यमुना विहार सहित उत्तर-पूर्वी दिल्ली से मध्य दिल्ली के तरफ आने-जाने वाले लोगों को अब जाम से परेशान नहीं होना होगा। दिल्ली परिवहन एवं पर्यटन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ने हजारों लोगों को राहत देते हुए छह दिन पहले ही सिग्नेचर ब्रिज को पूरी तरह से खोल दिया है।
अब वाहन बिना किसी रोक-टोक के यहां से सफर कर सकेंगे। बता दें कि सिग्नेचर ब्रिज से मशीनरी हटाने के लिए 21 नवंबर को बंद किया गया था। 20 दिनों के लिए बंद किए गए इस ब्रिज को दिन में तिमारपुर से खजूरी खास जाने वाले वाहनों के लिए खुला रखा गया था। इस ब्रिज को 11 दिसंबर को खोलना था लेकिन डीटीटीडीसी ने छह दिन पहले ही खोल दिया।
बता दें कि इससे पहले भी 5 से 14 नवंबर तक के लिए भी सिग्नेचर ब्रिज को बंद किया गया था। बता दें कि सिग्नेचर ब्रिज के खुलने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली थी। अभी तक लोग वजीराबाद पुल का प्रयोग कर यमुना नदी को पार करते थे जिसमें काफी समय लगता था। पीक आवर के दौरान यहां घंटों जाम की स्थिति बन जाती थी। सिग्नेचर ब्रिज खुलने के बाद वाहन यहां सिग्नल फ्री दौड़ रहे थे।
जल्द सिग्नेचर ब्रिज से कर सकेंगे दिल्ली का दीदार
दिल्ली परिवहन एवं पर्यटन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ने 154 मीटर ऊंचे सिग्नेचर ब्रिज के सबसे ऊपरी छोर पर पर्यटकों के लिए तीन स्तरीय शीशे की एक गैलरी बनाई है, जहां से लोग दिल्ली का अनूठा नजारा देख सकेंगे। वहां तक आने-जाने के लिए ब्रिज के दोनों ओर चार लिफ्ट भी लगाई गई हैं।
यहां पर दर्शक गैलरी और लिफ्ट बनाने के लिए भारी मशीनरी लगाई गई थी जिसे हटा दिया गया है। मशीन हटने के बाद उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही ऊपरी छोड़ को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।