नई दिल्ली : राजधानी के अतिसुरक्षित चाणक्यपुरी इलाके में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कर्ण सिंह के घर के बाहर तैनात एक जवान को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। शुरू में बताया कि जवान ने खुद को गोली मारी है। मगर सूत्रों की मानें तो गलती से गोली चली, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल जवान रानाल्डी मन्नार (32) को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबकि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. करण सिंह का चाणक्यपुरी में आवास है। उनके गेट पर बतौर संतरी मेघालय पुलिस के जवान रानाल्डी मन्नार की तैनाती है। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अचानक गेट के पास गोली चलने की आवाज आई। गोली चलते ही घर में मौजूद लोगों दौड़कर बाहर आए। देखा तो रानाल्डी खून से लथपथ पड़ा हुआ था। पास में ही उसकी बंदूक पड़ी थी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल जवान को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में पता चला है कि जवान ने खुद को गोली नहीं मारी, बल्कि उससे गलती से गोली चल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली रानाल्डी की ठुड्डी में लगी। आत्महत्या करने वाला कभी इस तरह बेतरतीब तरीके से खुद को गोली नहीं मारता।