नई दिल्ली : सर्वोच्च न्यायालय ने अयोध्या में राम जन्म भूमि के पक्ष में ऐतिहासिक निर्णय दिया है। इस अभूतपूर्व व अद्वितीय निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा राम जन्मभूमि मामले में देश के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सर्वसम्मति से ऐतिहासिक निर्णय दिया है।
उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली के सभी नागरिकों से यह अपील करता हूं कि यह किसी भी धर्म व समुदाय के लिए हार या जीत का निर्णय नहीं है। इस निर्णय के बाद सभी लोगों को आपसी अमन, भाईचारा व शांति बनाकर रखनी चाहिए। साथ ही भाजपा देश की जनता का भी नमन करती है जिन्होंने एकजुट होकर देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक ताने बाने को अक्षुण्ण रखा है।
इससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि संपूर्ण भारत एकजुट है एवं भारत में लोकतंत्र की जड़ें बहुत मजबूत हैं। तिवारी ने कहा कि पार्टी सभी न्यायाधीशों एवं विशेष तौर पर मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ का भी धन्यवाद करती है जिन्होंने रोजाना सुनवाई सुनिश्चित करते हुए वर्षों से लंबित पड़े इस विषय का समाधान दिया है।