नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को अपने आवास पर मकर संक्रांति उत्सव 2019 का आयोजन किया। इस अवसर पर तिवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करने के लिए एक योजना बनाई है। इसके तहत 280 मंडलों से व वार्डों से कार्यकर्ता सदैव अटल स्मृति स्थल पर प्रतिदिन जायेंगे।
रविवार को वेस्ट पटेल नगर ने इसकी शुरुआत की, जहां से उत्तरी नगर निगम के महापौर आदेश गुप्ता समेत करीब 40 कार्यकर्ता अटल स्मृति स्थल पर गये और समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कार्यकर्ताओं से सभी भेदभाव भुलाकर आपसी भाईचारे कायम करने की अपील की।
वहीं केंद्रीय मंत्री डाॅ. हर्षवर्धन ने कहा कि तिल शरीर में गर्माहट और ऊर्जा को बढ़ाता है इसलिए मकर संक्रांति में इसके पकवान बनाये जाते हैं। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, उत्तरी व पूर्वी नगर निगम के महापौर और पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष मनीष सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।