राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में दक्षिण पश्चिम मानसून की प्रगति धीमी बनी हुई है जिससे दिल्ली एक और दिन बारिश से महरूम रही।
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति धीमी है और अगले पांच दिनों में दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में इसकी शुरुआत होने या पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के शेष हिस्सों में इसके आगे बढ़ने की संभावना नहीं है। विभाग ने बताया कि 26 जून और 30 जून के बीच इसके धीरे-धीरे जोर पकड़ने की संभावना है और फिर उसी दौरान इसके उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों की ओर बढ़ने की संभावना है।
सोमवार को सुबह हवा में नमी का स्तर 78 प्रतिशत था। बता दें कि शनिवार को मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, भीलवाड़ा, धौलपुर, अलीगढ़, मेरठ, अंबाला और अमृतसर से गुजर रही थी।
राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि अगले 5 दिनों के लिए, हम दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में मानसून की शुरुआत की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। यह मुख्य रूप से पश्चिमी हवा के पैटर्न के कारण है जो मानसून के प्रवाह को कमजोर कर रहा है।