राष्ट्रीय राजधानी में बीती रात से तेज हवाओं का दौर जारी है। इस बीच आज सुबह से हो रही हल्की बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। दिल्ली ही नहीं, बल्कि उसके आसपास के एनसीआर के इलाकों में भी बारिश हो रही है। मौसम के इस बदले मिजाज से एक बार फिर ठंड लौट आई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक बारिश सम्भावना जताई थी।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। दिल्ली सहित यूपी के मेरठ, बरेली, लखनऊ जैसे शहरों में भी बारिश शुूरू हो गई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
हिमाचल के कई हिस्सों में बर्फबारी को लेकर ‘येलो अलर्ट’
हिमाचल प्रदेश के शिमला में आज सुबह ही ताजा बर्फ़बारी हुई है। वहीं हिमाचल आईएमडी प्रमुख सुरेंद्र पॉल ने कहा कि चंबा, स्पीति, कुल्लू, शिमला समेत हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले वर्षों की तुलना में बर्फबारी की अवधि लंबी थी। आने वाले 48 घंटे में भारी बर्फबारी के साथ होगी बेहद ठंड पड़ने वाली है।
बिहार और झारखंड में माध्यम बारिश की संभावना
पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पश्चिम भारत में निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर उच्च नमी का प्रवेश 3 फरवरी तक जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा गुरुवार और शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी से पूर्व और आसपास के उत्तर-पूर्वी भारत में पश्चिमी हवाओं के कारण बिहार और झारखंड में गरज-चमक के साथ व्यापक रूप से हल्की से लेकर मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
शुक्रवार को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ व्यापक रूप से हल्की से लेकर मध्यम वर्षा हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। शुक्रवार को पश्चिम असम और मेघालय में भारी वर्षा हो सकती है।