नई दिल्ली : राजधानी में शुक्रवार यानी 14 जून वर्ष 2011 से अभी तक सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक बना रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा है। पालम केन्द्र पर अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री रहा है। दिन के समय चली गर्म हवाओं ने खूब परेशान किया।
दिल्ली में 11 जून के बाद 14 जून को अधिकतम तापमान दोबारा से बढ़ा दर्ज किया गया। 11 जून को जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री था, वहीं 12 और 13 जून को क्रमवार 41.6 और 41.2 डिग्री रहा, लेकिन शुक्रवार को तापमान गुरुवार के मुकाबले 2.5 डिग्री बढ़ गया। वहीं आद्रता 50 फीसद तक बनी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी अधिकतम तापमान 43 और 30 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 16 से 18 जून तक मौसम बिगड़ने की संभावना बन रही है। इस दौरान धूलभरी आंधी, गर्जन वाले बादल, झोकेदार हवाएं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 15 से 18 जून के बीच येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रादेशिक मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 16 जून की शाम से मौसम बदलेगा और धूलभरी आंधी से तापमान गिरेगा।
17 जून को बूंदाबांदी और 18 को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। अभी फिलहाल लू (हीट वेव) और 45 डिग्री से ऊपर तापमान जाने की संभावना नहीं है।