दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ के चीफ बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का प्रदर्शन अब भी जारी है। बता दें अब पहलवानों ने 23 मई को धरने का एक महीने पूरे होने पर इंडिया गेट पर कैंडल मार्च निकालने का एलान किया है।इसके साथ ही साक्षी मलिक पहलवानों के प्रतिनिधि के रूप में महम की चौबीसी चबूतरे पर हो रही खाप पंचायत में पहुंची। वहां उन्होंने कहा कि इस विरोध को आज 29 दिन हो गए, लेकिन अबतक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
महापंचायत में साक्षी मलिक पहुंची
आपको बता दें कि प्रदर्शन की आगे की रूपरेखा तैयार करने के लिए रविवार को सभी खापों की महापंचायत हो रही है। इस महापंचायत में साक्षी मलिक पहुंची। खाप पंचायत में और महिलाएं भी पहुंच रही है। साक्षी ने खाप के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्हें खास के सपोर्ट की जरूरत है। एक महीना होने को है और अब तक न्याय नहीं मिला है।
साथ ही साक्षी ने मांग की कि बृजभूषण सिंह फेडरेशन से निकाला जाए। वह खिलाड़ियों के मेडल को 15 रुपये का बता रहा है। उसके ऐसे बयान उसकी मानसिकता पर सवाल खड़े करते हैं। साक्षी ने कहा कि खाप मंचायत के सभी लोग कैंडल मार्च में आएं और हमारा साथ दें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को यह लड़ाई शांति से लड़नी है।
विनेश फोगाट ने चेतावनी देते हुए कहा था
दरअसल, इससे पहले शनिवार को विनेश फोगाट ने चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी नहीं होती है तो हमारे बुजुर्ग बड़ा फैसला ले सकते हैं। जो देश के हित में नहीं होगा। यह देश को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन 13 महीने तक चला तो देश को नुकसान हुआ था। अगर ऐसा ही कोई और आंदोलन होता है तो निश्चित तौर से देश को नुकसान होगा।