मानसून के आगमन में लगातार हो रही देरी के बाद राष्ट्रिय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह की शुरुआत तपती गर्मी के साथ हुई और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े 8 बजे तक 43 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों ने दिन में ‘लू’ चलने का पूर्वानुमान जताया है। मैदानी हिस्सों के लिए 40 डिग्री से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक तापमान पर लू चलने की अनुमान जताया गया है। दिल्ली में सोमवार को इस गर्मी की पहली लू चली और पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता गुरुवार सुबह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिले आंकड़ों के अनुसार, सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 266 था। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच को ‘‘संतोषजनक’’, 101 और 200 के बीच को ‘‘मध्यम’’, 201 और 300 के बीच को ‘‘खराब’’, 301 और 400 के बीच को ‘‘बहुत खराब’’ और 400 से 500 को ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में रखा जाता है।मौसम विभाग की तरफ से कहा गया कि “ये लू हवाएं हैं जो आमतौर पर मई और जून की शुरुआत में अनुभव की जाती हैं।
जुलाई या जून के अंतिम दिनों में लू हवाओं को रिकॉर्ड करना बहुत ही असामान्य है। दिल्ली के पालम में हवा की गति लगभग 40 से 45 किमी प्रति घंटे है।” दिल्ली में लू को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान से शुष्क पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के उत्तर पश्चिम भारत में आने के कारण, सप्ताह के अंत तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है।