पूर्वी दिल्ली : नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के भजनपुरा इलाके में शुक्रवार रात एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नाजिम हुसैन (22) के तौर पर हुई है। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब नाजिम दोस्तों के साथ बाजार से खाना खाकर घर लौट रहा था। घर से थोड़ी दूरी पर ही उसकी हत्या कर दी गई। सूत्रों का कहना है कि नाजिम दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर नासिर का करीबी है। उसके खिलाफ मारपीट और झगड़े के मामले भी दर्ज हैं।
इस हत्याकांड को गैंगवार का ही परिणाम माना जा रहा है, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रंजिश के चलते हत्या होने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि इसका किसी गैंग से कोई लेना देना नहीं है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट वेद प्रकाश सूर्या का कहना है कि हत्या का केस दर्ज कर के आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, नाजिम परिवार सहित सुभाष मोहल्ला, भजनपुरा में रहता था। इसके परिवार में मां के अलावा दो बड़े भाई कय्यूम और साजिद के अलावा दो बहनें हैं। नाजिम छोटा-मोटा काम करता था। शुक्रवार रात को नाजिम अपने दोस्तों के साथ एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वहां से लौटते हुए घर से करीब पचास कदम दूरी पर था। उसी दौरान चार-पांच बदमाशों ने नाजिम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर फरार हो गए। एक गोली नाजिम के सिर में और तीन गोलियां उसके सीने में लगी।
बदमाश से हुआ था झगड़ा… जांच में सामने आया है कि नाजिम के इलाके के एक बदमाश से कुछ समय पहले झगड़ा हुआ था। बात थाने तक पहुंची थी। नाजिम ने उसके खिलाफ शिकायत की थी। जिस कारण आरोपी को जेल जाना पड़ गया था। अब कुछ समय पहले आरोपी जेल से छुटकर आया था।
ये भी आशंका है कि उसी झगड़े के चलते रंजिश में नाजिम की हत्या हुई है। वहीं इस हत्याकांड का एक दूसरा पहलू भी है। जिस कारण उसे गैंगवार से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि नाजिम के खिलाफ पहले से कई एफआईआर दर्ज हैं।