झज्जर : रोहतक संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अरविन्द शर्मा के समर्थन में शुक्रवार की शाम रोड शो करने झज्जर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इंतजार में जुटी भीड़ ने उनके स्वागत में पलक-पावड़े बिछा दिए। रोड शो के दौरान भाजपाईयों द्वारा कमल के निशान वाली केसरिया टोपी पहने भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जिसमें महिलाओं की संख्या भी काफी अच्छी थी,से पूरा झज्जर शहर भाजपामय नजर आया। हालांकि रोड शो का समय शाम चार बजे निर्धारित किया गया था। लेकिन मुख्यमंत्री रोड शो में शामिल होने के लिए ढाई घंटे देरी से पहुंचे।
उन्होंने कहा कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी। विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रष्टाचार के कारण ही दो बाप बेटा आज जेल में हैं। मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि 2014 में जनता जागरूक हुई। आतंकियों को सबक सिखाने का काम मोदी सरकार ने किया। नौजवान देश का भविष्य भाजपा में सुरक्षित है हमने लाखों रुपये लेकर नौकरी देने की प्रथा को खत्म किया है आज बिना पर्ची खर्ची के नौकरियां दी जा रही हैं। झज्जर सैनिकों का इलाका। किसान के लिए खूब काम किये। जिसकी सरसों बची है उसे खरीदा जाएगा, उन्होंने नारा लगवाया कि ‘12 मई कांग्रेस गई’। मुख्यमंत्री बोले 2022 तक हर परिवार के सिर पर पक्की छत होगी। मोदी को फिर पीएम बनाने का मन जनता बना चुकी है। अब तक के चुनाव में भाजपा बहुमत की ओर है। सट्टा बाजार भी हमें 400 के पार सीट दे रहा है।
नबाबों की नगरी में उनके इंतजार में यहां गुरूग्राम मार्ग पर जुटी भाजपाईयों की भीड़ ने मुख्यमंत्री के पहुंचते ही उनके गगनभेदी नारे लगाने शुरू कर दिए। बाद में सीएम अपने लंबे काफिले व कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के साथ शहर की ओर चल दिए। सीएम का रोड शो यहां गुरूग्राम मार्ग से शुरू हुआ और शहर के सिलानी गेट क्षेत्र, सरकूलर रोड़, बीकानेर चौक, अम्बेडक़र चौक से होता हुआ शहर के मेन बाजार पहुंचा। सीएम का रोड शो ने जैसे ही शहर में प्रवेश किया तो काफी भारी तादाद में उमड़ी भीड़ ने बड़ी ही गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। शहर के मेन बाजार में अपने घरों व दुकानों की छत पर चढ़े लोगों ने सीएम पर फूल बरसाए और उनका गगनभेदी नारों के साथ स्वागत किया।
स्वागत में उमड़ी भारी भीड़ देखकर सीएम भी काफी गदगद नजर आए। सीएम ने अपने रोड शो के दौरान बीच-बीच में अपने सम्बोधन के दौरान कहा कि पांच साल की मोदी सरकार की जो उपलब्धियां है और जिस तरह से देश विश्वगुरू बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है उससे ऐसा लगता है कि हरियाणा की जनता ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता मोदी की कल्याणकारी नीतियों पर अपनी मुहर लगाएगी। इस दौरान उन्होंने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल का भी जिक्र किया और कहा कि यह कार्यकाल विकास की नींव डालने का था और आने वाला उनका कार्यकाल परिणाम लाने का होगा।
(विनीत नरुला)