फिरोजपुर झिरका : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने रविवार के दिन बड़कली चौक पर कांग्रेस के नेता आजाद मोहम्मद के आह्वान पर जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। रणदीप सुरजेवाला ने अमित शाह और पीएम मोदी को गुरु चेला बताते हुए उनके डीएनए पर सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने इस जोड़ी को विभाजन की जोड़ी बताया। उन्होंने यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी नकली मुख्यमंत्री कहकर पुकारा।
रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा की सरकार को घेरते हुए कहा कि रोजी रोटी और रोजगार देने में यह सरकार सबसे पीछे रही है। क्षेत्र के लोगों की ड्राइविंग लाइसेंस की समस्या को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जानबूझकर अटकाया हुआ है। ड्राईविंग लाइसेंसो को नकली बताने वाले मुख्यमंत्री भी नकली हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार के केवल 90 दिन शेष बचे हैं।
ऐसे बड़कली चौक पर आयोजित हुई जन आक्रोश रैली का आक्रोश पूरे देश में भाजपा के खिलाफ जाने वाला है। सुरजेवाला ने इनेलो और जेजेपी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को भाजपा की टीम बताते हुए कहा कि जब राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव आए तो इनेलो ने बिना कहे ही दोनों दफा बीजेपी को अपना वोट दिया। यह दोनों पार्टियां विश्वाघाती और धोखेबाज हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार ने एनएसपी रेट पर सरसों की खरीद नहीं की। सरकार ने कहा था कि वो 4 हजार प्रति क्विंटल की दर से खरीद करेगी। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने सरसों को 4 हजार रुपये के दामों से नहीं खरीदा तो वो इसके लिए ईंट से ईंट बजा देंगे। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा जम्मू-कश्मीर से एम्स और कॉलेज की आधारशिला रखने पर तंज कसते हुए कहा कि यह केवल चुनावी जुमला है। उन्होंने बहुचर्चित मेवात रेल लाइन व यूनिवर्सिटी के बारे में कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार आई तो वो इन दोनों योजनाओं का शुभारंभ राहुल गांधी को स्वयं यहां लाकर करवाएंगे।
उन्होंने रैली के आयोजक पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद की पीठ थपथपाते हुए उन्हें बधाई देते हुए जनता से आह्वान किया कि वो आजाद मोहम्मद को समर्थन करें, मेवात इलाका विकास में पीछे नहीं रहेगा। कांगेे्रस नेता एवं पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने जो सर्दी के इस मौसम में जो काफी समय अपना यहा लगाया है समय आने पर उसका कर्ज उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो पांच सालों में नही किया वो 60 दिन में करने का दम भर रही है। केवल झूठ का पुलिंदा है भाजपा सरकार। इस मौके पर मध्यप्रदेश के विधायक मनोज चावला, पूर्व मंत्री बच्चन सिंह, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्षा सुमित्रा चौहान, मोहम्मदी बेगम, सविता चौधरी, भूपेंद्र फोगाट, सतबीर पहलवान, सतपाल राठी, इब्राहिम इंजीनियर, वसीम आजाद उसहित काफी लोग मौजूद रहे।
खुद गाड़ी चलाकर आए सुरेजवाला : कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता ओर अखिल भारतीय कांगेे्रस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मेवात की राजनिति का गढ कहे जाने वाले बडकली चौक पर स्वयं गाडी चलाकर रैली स्थल तक पहुंचे। उनके साथ फ्रंट सीट पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद बैठ कर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।
– पुष्पेंद्र शर्मा