गुरुग्राम : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं जब देश व प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होगी और सभी लोगों को लूटेरी सरकार से छुटकारा मिलेगा। जींद चुनाव पर उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा इनेलो दोनों तय कर लें कि कौन सी पार्टी दूसरे व कौन सी पार्टी तीसरे नंबर पर रहेगी। यह बात उन्होंने यहां पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया की ओर से आयोजित लोहड़ी मिलन समारोह में कही।
पूर्व मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया द्वारा लोहड़ी मिलन समारोह व अपनी मां स्व. श्रीमति भतेरी देवी की पुण्यतिथि कार्यक्रम का भव्य आयोजन गुड़गांव गांव में किया गया। इस मौके पर पहुंचे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जींद चुनाव में कांग्रेस की बहुत बड़ी जीत होने जा रही है। प्रत्याशी बनाए गए रणदीप सिंह सुरजेवाला के प्रचार के लिए पूरा संगठन जुटा हुआ है। वे खुद सुरजेवाला का प्रचार दो दिनों बाद जींद में शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा के पास ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जिसे लेकर उसके नेता जनता के बीच जा सकें। भाजपा ने अपने साढ़े 4 साल की सरकार में एक भी ऐसा कार्य नहीं किया जिसे वे जनता से बता सकें। उन्होने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस की जबरदस्त लहर है। जनता अब भाजपा से मिले धोखे का बदला चुनाव में लेने के लिए व्याकुल है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने युवाओं के रोजगार के लिए एक भी ऐसा कदम नहीं उठाया जिससे रोजगार की संभावना भी बढ़ सके।
विदेशी इनवैस्ट के नाम पर चार सालों तक जनता को गुमराह किया, युवाओं को रोजगार देने के नाम पर गुमराह किया। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के नाम पर गुमराह किया, व्यापारियों का दिवाला निकालने का काम किया, भाजपा ने सभी क्षेत्र में वादाखिलाफी का काम किया है।
– सतबीर भारद्वाज