नई दिल्ली, चंडीगढ़ : हरियाणा में गुरुग्राम और फरीदाबाद को छोडक़र बाकी आठ लोकसभा सीटों पर भाजपा अपने प्रत्याशियों के चेहरे बदलने जा रही है। गुरुग्राम व फरीदाबाद में दोनों केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत व कृष्णपाल गुर्जर फिर से चुनाव मैदान में ताल ठोंकेेंगे। अंबाला व कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशी बदलेगी, जबकि हिसार व सिरसा में नए चेहरों को सामने लाया जाएगा। रोहतक में भाजपा ने मौजूदा कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सामने दमदार उम्मीदवार लाने की रणनीति तैयार की है।
नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के निवास पर करीब चार घंटे तक चली मैराथन बैठक में सभी दस लोकसभा सीटों पर संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन किया गया। तीन केंद्रीय मंत्रियों बीरेंद्र सिंह, कृष्णपाल गुर्जर और राव इंद्रजीत की मौजूदगी में हरियाणा की लोकसभा चुनाव समिति के प्रभारी कलराज मिश्र तथा सह प्रभारी विश्वास सांरग ने एक-एक सीट पर दावेदारों के नामों पर चर्चा की। भाजपा प्रभारी डा अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के साथ ही प्रांतीय संगठन मंत्री सुरेश भट्ट ने अपनी पसंद के उम्मीदवारों के नाम चुनाव समिति को सुझाए।
अब हरियाणा की प्रांतीय चुनाव समिति की दोबारा से 22 मार्च को बैठक होगी, जिसमें फाइनल चर्चा के बाद भाजपा के संसदीय बोर्ड को नामों का पैनल भेज दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन ने साफ कर दिया कि राज्य की सभी दस लोकसभा सीटों पर भाजपा अपने बूते पर चुनाव लड़ेगी तथा किसी भी दल के साथ कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा। बैठक में हुई चर्चा के मुताबिक फरीदाबाद से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और गुरुग्राम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के टिकट तय हैं।
अंबाला लोकसभा सीट पर पार्टी मौजूदा सांसद रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया को टिकट देना चाहती है, लेकिन रतनलाल कटारिया खुद टिकट चाह रहे हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ में मौजूदा भाजपा सांसद धर्मबीर, पूर्व सांसद सुधा यादव और नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह, पूर्व विधायक सोमवीर सांगवान, सोनीपत में केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह, मौजूदा सांसद रमेश कौशिक, पहलवान योगेश्वर दत्त , अरविंद शर्मा, राजीव जैन और कृष्णा गहलावत के नाम चर्चा में आए, जबकि रोहतक लोकसभा सीट पर पूर्व सांसद डा. अरविंद शर्मा,बाबा बालकनाथ, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ , वीर कुमार यादव और भाजपा नेता शमशेर सिंह खरखड़ा के नामों पर चर्चा की गई है। करनाल लोकसभा सीट पर सभी की निगाह टिकी हुई है।
यहां नेता चंद्र प्रकाश कथूरिया और पानीपत के भाजपा नेता संजय भाटिया के नामों पर चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के नाम पर जब चर्चा नहीं हुई तो वह नाराज हो गए। करनाल में हाल ही में भाजपा में शामिल हुए डा. अरविंद शर्मा के नाम पर भी कोई चर्चा नहीं हुई। सिरसा में पार्टी सुनीता दुग्गल को चुनाव लड़ाना चाहती है, जबकि गायक हंसराज हंस के नाम पर भी चर्चा की गई। ,एक अन्य नाम पूर्व आईजी वी कामराज का भी लिया जा रहा है।
हिसार में केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह, खुद बीरेंद्र सिंह, कैप्टन अभिमन्यु, अशोक गोयल और सोनाक्षी फौगाट के नामों पर चर्चा की गई। कुरुक्षेत्र में राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी, धूमन सिंह किरमिच, डा. पवन सैनी और हरपाल सिंह चीका के नामों पर चर्चा की गई। चुनाव समिति की बैठक में हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, अनिल विज, कैप्टन अभिमन्यु, ओमप्रकाश धनखड़, सुधा यादव, रतनल लाल कटारिया, निर्मला बैरागी और संदीप जोशी ने भागीदारी की।
– राजेश जैन