नई दिल्ली : तिहाड़ जेल में बंद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने पोते अर्जुन चौटाला की सगाई में शामिल होने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट से पैरोल मांगी है। शुक्रवार को चौटाला ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका के अनुसार, पोते अर्जुन चौटाला की सगाई इसी हफ्ते 18 जुलाई को होनी है।
गौरतलब है कि ओम प्रकाश चौटाला को इसी साल मई माह में 14 दिन की पैरोल मिली थी। पैरोल खत्म होने के बाद वह फिर से जेल में चले गए। अब उन्होंने एक बार फिर से पैरोल के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। वहीं दूसरी तरफ चौटाला के सेल से आई फोन मिलने का भी मामला सामने आया था, जो जांच के बाद चौटाला का ही निकला। क्योंकि उस फोन से चौटाला ने अपने घर कई बार बातचीत की थी।
इसके बाद चौटाला पर जेल के अंदर मुलाकात पर एक महीने की पाबंधी लगा दी गई है। बता दें कि ओम प्रकाश चौटाला ने लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली हाई कोर्ट में अपनी बढ़ती उम्र और दिव्यांगता के चलते समय से पूर्व सजा माफ करने की अर्जी लगाई थी। हाई कोर्ट ने इस याचिका के निपटारे के लिए दिल्ली सरकार को आदेश दिए थे, मगर यह याचिका दिल्ली सरकार के विचाराधीन है।
10 साल की सजा काट रहे हैं चौटाला
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी करार दिये गये थे और वह तिहाड़ में सजा काट रहे हैं। ओम प्रकाश चौटाला और उनके बड़े पुत्र अजय सिंह चौटाला को 16 जनवरी 2013 को दस वर्ष की सजा सुनाई गई थी।