फरीदाबाद: केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज निगम सभागार में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों के बीच आकर आश्वासन देते हुए कहा कि पुश्तों से काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को बेरोजगार नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कल 15 दिसम्बर दोपहर बाद मेरी अध्यक्षता में बैठक कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान किया जाएगा। गौरतलब है कि स्थानीय निगम सभागार में इको ग्रीन कंपनी के द्वारा नगर निगम के कुछ क्षेत्र से घर-घर से कूड़ा उठाने का शुभारंभ करने आए केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गूर्जर, स्थानीय विधायिका सीमा त्रिखा, मूलचन्द शर्मा, नगेन्द्र भडाना सहित निगम अधिकारियों का नगर निगम सफाई कर्मचारियों ने घेराव किया।
आयोजन स्थल निगम सभागार के मुख्य द्वार पर सफाई कर्मचारियों द्वारा कब्जा करने के बाद केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित अन्य सभी विधायक व अधिकारी पिछले रास्ते से निगम सभागार में पहुुंचे। प्रदर्शनकारियों व पुलिस प्रशासन के बीच कई बार झड़प हुई और टकराव जैसी स्थिति उत्पन्न होने से बची। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों ने निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि जब तक मंत्री जनता के बीच आकर ज्ञापन नहीं लेंगे और हमारी समस्या का समाधान नहीं होने देंगे तब तक इको ग्रीन कंपनी का शुभारंभ नहीं होने देंगे। इस चेतावनी के बाद केन्द्रीय मंत्री ने कर्मचारियों के बीच आकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।
इस प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री व महासचिव सुभाष लाम्बा ने केन्द्रीय मंत्री के समक्ष अपनी मांग रखते हुए कहा कि इको ग्रीन कंपनी द्वारा घर से घर कूड़ा उठाने का काम संभालने के बाद निजी तौर पर सफाई का काम करने वाले लगभग 2000 परिवार बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने निजी तौर पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को नौकरी देने, डी0सी0 रेट, ईएसआई, ईपीएफ देने की मांग करते हुए कहा कि निगम के कर्मचारी पिछले 10 दिन से अपनी न्यायोचित मांगों 688 कर्र्मचारियों को निगम रोल पर रखने, नवम्बर माह का वेतन देने, समान काम-समान वेतन देने, नौकरी से निकाले गए 22 टयूबवैल ऑपरेटर, 15 सीवरमैन व विनोद बिल वितरक को डयूटी पर वापिस लेने की मांग को लेकर धरना देकर निगम मुख्यालय पर बैठे है।
इस पर केन्द्रीय मंत्री ने निगम अधिकारियों को कल 15 दिसम्बर को अपनी अध्यक्षता में बैठक करने का आदेश दिया है। उन्होंने एनएचएम के हड़ताली कर्मचारियों को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से समर्थन देते हुए हड़ताली कर्मचारियों की जा रही बर्खास्तगी के खिलाफ व उनकी मांगों के समर्थन में कल सर्व कर्मचारी संघ की ओर से बी0के0 चौक से उपायुक्त कार्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने का भी ऐलान किया। आज के इस प्रदर्शन की अध्यक्षत सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने की।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।
– राकेश देव