गुरुग्राम : शुक्रवार को कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस का स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया, जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बड़ा इतिहास है और देश को आजाद कराने में कांग्रेस की सराहनीय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने बलिदान देकर देश की आन-बान और शान को बनाए रखा है लेकिन कुछ नेता ओछी राजनीति करके कांग्रेस नेताओं पर कीचड़ उछालने का कार्य कर रहे हैं।
उनके इस कुप्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के तीन बड़े राज्यों में कांग्रेस की शानदार वापसी के बाद यह तय हो चुका है कि अब 2019 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है। महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं और विकास के नाम पर कुछ नहीं किया जा रहा। प्रदेश सरकार अभी तक कांग्रेस के राज में घोषित विकास कार्यों को भी पूरा नहीं करवा पाई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जातिवाद के नाम पर लोगों को तोड़ने का खेल खेला जा रहा है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ जनता के बीच जाकर कांग्रेस नीतियों का प्रचार-प्रसार करें। अब वह समय दूर नहीं जब हरियाणा में भी कांग्रेस सरकार बनेगी।
इससे पूर्व कांग्रेस व्यापार सेल के प्रदेश चेयरमैन पंकज डावर ने अशोक तंवर का कार्यक्रम में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि प्रदेश के व्यापारी वर्ग पूरी तरह से कांग्रेस के साथ है। इस मौके पर कांग्रेस नेता गजेसिंह कबलाना, प्रदीप जैलदार, व्यापारी नेता केएल पाहवा गोप भाई, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर यशपाल बतरा, नवीन शर्मा, चेयरमैन कुलदीप कटारिया, रश्मि शर्मा, अशोक भास्कर, इंद्रसिंह सैनी, राजेश यादव, हरपाल तंवर, संजय सिंह, विजय नेताजी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
– सतबीर, अरोड़ा, तोमर,