सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा दिल्ली से डबवाली के बीच बनाए गए हाईवे में दरार आने को बड़े घोटाले का संकेत बताया है। गांव खैरेकां के पास हाईवे में बड़ी दरार आने के बाद अशोक तंवर यहां मुआयने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में हजारों करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है क्योंकि पूरे प्रदेश में नेशनल हाईवे का यही हाल है। डॉ. तंवर ने कहा कि उन्होंने अपने सांसद रहने के दौरान इस हाईवे को पास करवाया था लेकिन इसके निर्माण में हजारों करोड़ रुपए का घोटाला व भ्रष्टाचार हुआ है। इसके लिए जो लोग भी दोषी हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कड़ी सजा दी जाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री के साथ-साथ मुख्यमंत्री से इसकी जांच करवाए जाने की भी मांग की।उन्होंने कहा कि भाजपा के विकास की यह बानगी है जो साबित करती है कि आम आदमी को हिंदू-मुसलमान के बीच लड़ाने के अलावा भाजपा का विकास के प्रति कोई उच्च मानदंड नहीं है। मानसून की पहली बारिश ने ही हाईवे को धो डाला है तो समझ में आ सकता है कि किस तरीके का विकास पूरे प्रदेश में हो रहा है। उन्होंने कहा कि जीटी बेल्ट में भी इसी तरह सड़कें टूट रही हैं। पूरे प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ हो नहीं रहा, बस केवल झूठे आश्वासनों से जनता को गुमराह किया जा रहा है। डॉ. तंवर ने गांव गोरीवाला में बाबा साहब अंबेडकर की मूर्ति को खंडित किए जाने की भी कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश में जातिवाद का जहर घोलने का काम किया है। इस सरकार के लोग मातम में भी नाचने की बात करते हैं।
डॉ. तंवर ने कहा कि सर्वे बताता है कि भाजपा के तमाम सांसद और पूरी कैबिनेट के मंत्री आने वाले चुनावों में हार रहे हैं। इस सर्वे के बाद पूरे भाजपा खेमे में कोलाहल का माहौल बना हुआ है। इतना ही नहीं भाजपा की बी टीम इनेलो का भी यही हश्र होने वाला है। डॉ. तंवर ने अपने मातहत कर्मचारियों के साथ स्वयं सड़क के दोनों ओर पत्थर रखवाए ताकि कोई हादसा न हो पाए। इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा, आनंद बियाणी, अमित सोनी, कपिल सरावगी सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
(दीपक शर्मा)