रोहतक : कांग्रेस के पूर्व सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के लचर रवैये से अपराधियों के हौसले बुलंद है और प्रदेश में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। उन्होंने कहा कि जानलेवा हमले, हत्या, लूट आदि की घटनाएं चरम पर हैं और अपराधी बेखौफ हो गये हैं।
ऐसा लगता है कि अपराधियों के आगे सरकार ने घुटने टेक दिए हैं। पूर्व सांसद वीरवार को रोहतक पहुंचे और पीजीआई में भर्ती सेवानिवृत हुकम सिंह नरवाल का हालचाल जाना। उन्होंने डाक्टरों से हुकम सिंह के स्वास्थ्य बारे जानकारी ली और परिजनों से भी मुलाकात की। दरअसल अपराधियों ने सुबह की सैर पर निकले सेवानिवृत सब इंस्पेक्टर हुकम सिंह को घेरकर गोली मार दी थी। उन्हें इलाज के लिये पीजीआई में भर्ती करवाया गया है।
हुकम सिंह नरवाल को काफी दिलेर पुलिस अफसर माना जाता है। वे रोहतक पुलिस की अपराध शाखा में कार्यरत रहे हैं। पूर्व सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि जब पुलिस विभाग से जुडे लोगों पर इस तरह से खुलेआम घेरकर जानलेवा हमला हो सकता है तो आम लोगों का क्या हाल होगा।
उन्होंने कहा कि बिगडती कानून-व्यवस्था से समाज का हर वर्ग आक्रोशित और डरा सहमा सा है। प्रदेश में बढती आपराधिक घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक हैं। कानून-व्यवस्था पर सरकार को तुरंत जवाब देना चाहिए।
(कथूरिया)