सिरसा : युवा सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि मेयर चुनाव के परिणाम ने दर्शा दिया कि प्रदेश की जनता ने भाजपा के विकल्प के रूप में कांग्रेस व इनेलो को नकार दिया है, आमजन भाजपा की सरकार से दुखी तो है पर कांग्रेस-इनेलो से भी आमजन को कोई उम्मीद नहीं है। यहां तक कि करनाल में तो कांग्रेस-इनेलो-बसपा ने एक साथ मिलकर लड़े लेकिन जनता ने नकार दिया।
लोग परिवर्तन तो चाहते है लेकिन उन्हें विकल्प नहीं मिला।आज आमजन एक विकल्प के रूप में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की ओर देख रहा है।ये बात उन्होंने रानियां हलका के गांव रानियां में पूर्व विधायक कृष्ण कंबोज के निवास पर लोगों को सम्बोधित करते हुए कही।सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अगले सप्ताह से इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में प्रदेश भर में 1 बूथ 10 यूथ का कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिसमें ज्यादा से ज्यादा यूथ को जोड़े।
इसके बाद उन्होंने गांव जीवननगर में जनसभा को सम्बोधित किया। इस मौके उन्होंने पूर्व विधायक को जेजेपी का झंडा देकर पार्टी में शामिल किया। रानियां हलका के गांवों में उमड़ी भारी भीड़ से गदगद होकर सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आने वाला समय जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) का है और लोगों का उत्साह बता रहा है कि आमजन जाति धर्म से ऊपर उठकर नई सोच व विकास की बात करने वालों को चुनेगी।
रानियां के पूर्व विधायक कृष्ण कंबोज ने रानियां में अपने घर पर अपने सारे समर्थकों सहित जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला प्रदेश के लोगों के लिए नई सोच व विकास की सोच लेकर आए है व हम सब खुलकर उनका समर्थन करते है।
इस अवसर पर जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमीर चावला, डॉ. राधेश्याम शर्मा, डॉ. हरी सिंह भारी, राजा कसवां, योगेश शर्मा, बंटी शर्मा, गुरमंगत सिंह रानियां, राजेंद्र कसवां एडवोकेट, जयप्रकाश नैन, हरबेल सिंह खाजाखेड़ा, सुखराज सिंह, सर्वजीत सिंह, रणदीप सिंह, जगसीर सिंह मांगेआना सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद थे।
(दीपक शर्मा)