अंबाला : केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने कहा कि यह चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। यह लोकसभा चुनाव भारत की जनता का भविष्य तय करेगा। हमारा देश आरंभ से ही धनवान था लेकिन कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए हमें गरीबी के नर्क में धकेल दिया। कांग्रेस ने देश का विनाश किया है। पांच साल के मोदी के कार्यकाल के दौरान देश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्वीर बदल गई है। अगले कार्यकाल में हम दिल्ली को जल व वायु प्रदूषण से मुक्त दिलाएंगा। गडकरी गुरुवार शाम को शहर की अनाज मंडी में अंबाला से उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे।
उन्होंने अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की सड़कें ऐसी हैं कि हम 40 मिनट में दिल्ली से मेरठ जा सकते हैं और दो घंटे में मुंबई से पूना। देश और नागरिकों के भविष्य के लिए निर्णायक करार देते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद 55-60 साल तक देश में कांग्रेस ने राज किया है। प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह तक ने गरीबी हटाने का वादा किया, लेकिन गरीबी नहीं हटी। बुरा और भ्रष्ट शासन के कारण गरीब और गरीब होते गए। उन्होंने लोगों से कटारिया के पक्ष में मतदान की अपील की।
वादा कि वे अंबाला में डबलडेकर बस चलाएं जोकि हवा में चलेगी। गरीबी मिटाने के लिए कांग्रेस की न्याय योजना के झांसे में न आने की नसीहत देते हुए गडकरी ने देश में गरीबी के लिए विजन विहीन कांग्रेस नेतृत्व को जिम्मेदार करार दिया। उन्होंने मोदी के नेतृत्व की तारीफों के पुल बांध दिए। अपने सड़क परिहवन विभाग के कार्यों को भी गिनाया। साथ ही सुखी, संपन्न और शक्तिशाली भारत के निर्माण के लिए फिर से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन की सरकार बनाने की वकालत की।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है और विकास पथ पर दौड़ रहा है। गडकरी ने कहा कि 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने गंगा साफ करने की घोषणा की थी, नहीं हुई। गंगा सफाई का जिम्मा मेरे पास है, आज गंगा साफ हुई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इलाहाबाद से वाराणसी तक गंगा यात्रा के दौरान नाव पर सवार होकर गंगा की पानी पीते हुए दिखी। यह बताता है कि गंगा का पानी साफ हुआ है। उन्होंने दावा किया कि मार्च 2020 तक गंगा अविरल और निर्मल हो जाएगी।
(राजेंद्र)