अम्बाला : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द्र केजरीवाल ने कहा है कि गौमाता के नाम पर वोटों की राजनीति बंद होनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा नेता गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की बातें तो करते है लेकिन गौ संरक्षण और सर्वधर्म का दायित्व नहीं निभा पाते। वे अम्बाला के समीप मोहड़ा आश्रम गौशाला में महन्त विकास दास जी महाराज का आशीर्वाद लेने आए हुए थे।
उन्होंने पत्रकारोंं के समक्ष महाराज जी की अध्यात्मिक, गौसेवा तथा मानवता सेवा की प्रशंसा करते हुए अपने प्रगाढ़ सम्बन्धों का खुलासा किया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने गौमाता के संरक्षण और संवर्धन का दायित्व बाखूबी निभाया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में केन्द्र की तमाम अड़चनों के बावजूद शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, किसानों तथा शहीद परिवारों के मामले में पूरी दुनिया के आगे एक मॉडल प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि जब यह सब कुछ दिल्ली में हो सकता है तो पूरे देश में भी हो सकता है लेकिन इसके लिए प्रबल इच्छा शक्ति और ईमानदारी से की जाने वाली कोशिश की जरूरत है। हरियाणा के राजनीतिक परिदृश्य से सम्बन्धित सवालों के जवाब वे यह कहकर टाल गए कि यह आध्यात्मिक केन्द्र है यहां राजनीति पर चर्चा करना उचित नहीं है।
इस अवसर पर मौजूद आप के प्रादेशिक अध्यक्ष नवीन जयहिन्द ने कहा कि भाजपा की 5 निगमों में हुई जीत जातिवाद का जहर घोलने और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के जोड़तोड़ का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनावों में भाजपा का हाल राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसा ही होना तय है।
उन्होंने कहा कि आप ही हरियाणा को सीबीआई यानि कांग्रेस-भाजपा-इनेलो से मुक्ति दिलाएगी। उन्होंने कहा कि यह जग जाहिर है कि भाजपा ईवीएम और लड़कियों से छेड़छाड़ के मामले में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश हित चुनाव लड़ेगी और दिल्ली की तर्ज पर सुशासन प्रदान करेगी।
(राजेन्द्र भारद्वाज)