राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के उल्लावास गांव में निर्माणाधीन 4 मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया है। जानकारी के मुताबिक इमारत में करीब आठ लोग दबे हुए हैं। हादसे के बाद से ही बचाव कार्य जारी है। सूचना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
इस निर्माणाधीन इमारत की चपेट में आसपास की इमारतें भी आ गई हैं। इसकी चपेट में आने वाली इमारतों को भी नुकसान हुआ है। जब सुबह यह हादसा हुआ, उस समय लोग सो रहे थे। जेसीबी से मलबे को हटाया जा रहा है। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, इमारत गिरने से आस पड़ोस में जोर की आवाज हुई। इस वजह से आस पड़ोस के लोग जग गए। इसके बाद बाद पुलिस को सूचना दी गयी। बताया जा रहा है कि यह इमारत उल्लावास निवासी दयाराम की है। इमारत में बुधवार को चौथी मंजिल पर लैंटर डाला गया था। उसी के बाद इमारत गिरी है। गुरुग्राम के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह मौक़े पर पहुंचे।
एनडीआरएफ व प्रशासन ने 250 लोगों को बचाव कार्य में लगाया है। यह बिल्डिंग 4 महीने पहले से बन रही थी। एसडीएम संजीव सिंगला ने कहा कि बेहद ही घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने काम को रोकने की भी अपील की थी। इमारत को बनाने वाला आरोपी ठेकेदार गांव का ही रहने वाला है।