हरियाणा में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने में विफल रही आम आदमी पार्टी (आप) ने आज जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) से हाथ मिला लिया और राज्य की 10 लोकसभा सीटों में से जेजेपी 7 और आप 3 पर चुनाव लड़ेंगी।
आप के हरियाणा मामलों के प्रभारी तथा दिल्ली सरकार में श्रम मंत्री गोपाल राय और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दोनों दलों के बीच गठबंधन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जेजेपी राज्य की सात और आप तीन लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
उन्होंने कहा कि जहां तक सीटों के बंटवारे का सवाल है इसके लिए समन्वय समिति काम करेगी और 72 घंटों में सभी सीटों का बटवारा हो जायेगा।
श्री चौटाला ने गठबंधन की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी को पराजित करने के लिए दोनों दल साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर प्रदेश में राजनैतिक परिवर्तन लाएंगे। केजरीवाल सरकार ने राजधानी में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छा काम किया है और इसे आगे बढ़ते हुए अब वह हरियाणा में शिक्षा, स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति के साथ युवाओं को रोजगार देने की दिशा में प्रतिबद्धता से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में प्रदेश में इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) को 25 प्रतिशत और आप को 5 प्रतिशत वोट मिले थे अब दोनों मिलकर भाजपा को हराने में सक्षम है।
श्री राय ने कहा कि केवल पांच माह पहले जेजेपी का जन्म हुआ था और जींद उपचुनाव में जेजेपी और आप ने मिलकर साबित कर दिया कि भाजपा को हराने में केवल यही गठबंधन सक्षम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भाजपा को हराने का दम नहीं। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में जातिवाद का जहर घोला है, प्रदेश को जलाया है और यह गठबंधन भाजपा का खूंटा उखाड़ने के लिए किया गया है।
इस मौके पर जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव डा। केसी बांगड़ और आप के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के पौत्र दुष्यंत चौटाला ने इंडियन नेशनल लोकदल से अलग होकर जेजेपी का गठन किया है।
No Image