हिसार : मोदी राज में चोर, चमचे और गद्दार सब कांप रहे हैं। आज देश का बच्चा-बच्चा बोल रहा है कि मैं भी चौकीदार हूं। यह बात आज प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गांव कैमरी में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कही। रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि किसानों की सरसों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिना पर्ची और खर्ची के लोगों को नौकरी दी है।
जो नौकरी के नाम पर किसी ने पैसे ले लिए तो उसके पैसे वापस कराएं है। ऐसे पानीपत में छह लोगों के पैसे वापस दिलवाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस में लड़ाई मुख्यमंत्री पद के लिए नहीं नेता प्रतिपक्ष की लड़ाई शुरु हो गई है। पहले बीपीएल परिवारों को एक बोतल सरसों का तेल दिया जाता था जिसे बढ़ाकर हमने दो बोतल कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को विदित है कि नौकरियों में पारदर्शिता बरती गई। बिना सिफारिश व लेन-देन के नौकरियां दी गई।
यदि कहीं कोई कमी रह गई तो उसमें आगे सुधार कर दिया जाएगा। केंद्र की भाजपा सरकार भारत को विश्व का सबसे शक्तिशाली व समृद्ध राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में देशद्रोह कानून को समाप्त करने का प्रावधान किया है। हम ऐसा किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश के टूकड़े-टूकड़े करने की छूट दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई हमारे देश की ओर टेढ़ी नजर से देखेगा तो हम उसकी आंखों निकाल लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सेना को बदनाम करने का षडयंत्र करने वालों को कभी भी देश की जनता माफ नहीं करेगी। अंतरिक्ष में परीक्षण कर भारत दुनिया की चौथी महाशक्ति बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1971 का चुनाव गरीब हटाने के नाम पर लड़ा था, लेकिन कांग्रेस ने इतने लंबे समय तक शासन में रहने के बावजूद गरीबी दूर नहीं कर पाई।