हिसार : हिसार के केंद्रीय कारागार नंबर दो में कैदियों के बीच बृहस्पतिवार को झड़प में एक कैदी की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान 25 वर्षीय रवींदर सिंह के रूप में हुई है। वह फतेहाबाद में तीन मार्च 2016 को अपने खिलाफ दर्ज मादक पदार्थ के मामले में 15 साल की जेल की सजा काट रहा था।
पुलिस ने बताया कि दो घायल कैदियों कुंडल गांव निवासी हरजीत और पंजाब के बुढलाडा निवासी तजेंदर को यहां सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, रवींदर और कुछ अन्य कैदियों के बीच बहस ने झड़प की शक्ल ले ली।उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में आजाद नगर पुलिस थाने में करीब 20 कैदियों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच चल रही है।