नई दिल्ली : हरियाणा की राजनीति में अपना दबदबा कायम करने के लिए राष्ट्रीय पार्टियों के आला नेता अपने-अपने पक्ष में फिजा का रूख मोडने के लिए गर्जना करेंगे। आला नेताओं के आगमन की बिसात बिछ चुकी हैं। जिस दिन डंके बजेंगे, वे दिन भी तय हो गए हैं। इस बिसात में भाई-बहन यानि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उन-उन संसदीय क्षेत्रों में गर्जना करेंगे, जहां भाजपा चुनौती के रूप में खड़ी हैं।
इसमें प्रियंका गांधी 7 मई को रोहतक, सिरसा और अंबाला में रोड शो के मार्फत पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने का काम करेगी। वहीं राहुल गांधी भी हरियाणा में 4,6 और 9 मई को रैली कर राजनैतिक फिजा बदलने का काम करेंगे। राहुल गांधी की 9 मई को रोहतक रैली पर सब की निगाहे टिकी है। क्योंकि उससे अगले दिन 10 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी रैली के लिए आ रहे हैं। वह हुड्डा के गढ़ को ढहाने की अपील करेंगे।
राहुल आज गुरुग्राम में रैली करेंगे, वही 6 मई को महेन्द्रगढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशियों के वोट मांगेंगे। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरियाणा में 5 मई को 5 रैलियां करेंगे। प्रचार के इस महासंग्राम के कारण आरोप-प्रत्यारोपों के तीर छुटने से पहले ही बड़ी गर्माहट आ गई हैं। फिलहाल हरियाणा की सभी दसों सीटों पर जीत-हार के आंकलन को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है। माना जा रहा है कि पार्टी के धुरंधर नेताओं के बाद कौन आगे और कौन पीछे हैं, यह बात निखरकर सामने आ जाएगी।
पांच किलोमीटर दूरी तक होगा प्रिंयका गांधी का रोड शो
रोहतक : रोहतक लोकसभा हॉट सीट को लेकर कांग्रेस व भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोक दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सात मई को रोहतक लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दीपेन्द्र सिंह हुड्डा के चुनाव प्रचार के लिए रोहतक आएंगी। कांग्रेस ने सात मई को कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी का रोड शो कार्यक्रम रखा है। करीब पांच किलोमीटर से अधिक दूरी तक शहर के बीचो बीच यह रोड शो होगा।
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो दोपहर तीन बजे पॉवर हाऊस से शुरू होकर मुख्य मार्गो से होता हुआ दुर्गा भवन मंदिर पर सम्पन्न होगा। रोड शो के दौरान पार्टी के दिग्गिज नेता रथ पर सवार होगे, जिनमें हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी गुलाब नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
(मनमोहन कथूरिया)