चंडीगढ : केंद्र ने हरियाणा सरकार द्वारा महिला सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा की है। हरियाणा की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री कविता जैन ने राज्यों के मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन में हरियाणा में महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों के बारे में विवरण प्रस्तुत किया।
मंत्री ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा के संदर्भ में परिवेश बनाने की दिशा में तैयार की गई मेरी सुरक्षा मेरी जिम्मेदारी पुस्तिका को पाठयक्रम में शामिल किया जाएगा। बच्चों के प्रति यौन उत्पीडन, यौन शोषण व पोर्नोग्राफी जैसे अपराधों को रोकने की दिशा में पोस्को एक्ट पर आधारित तैयार की गई सांप सीढी इन अपराध बोधों के प्रति सचेत करेगी तथा बुरे स्पर्श व अच्छे स्पर्श में अंतर करेगी।
राष्ट्रीय सम्मेलन में हरियाणा की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के एक और सुधार महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि हरियाणा के प्रत्येक जिलें में एक महिला पुलिस केंद्र स्थापित है। स्थापित किए गए महिला पुलिस केंद्रों के लिए दुर्गा वाहिनी नाम से महिला पुलिस की 30 कंपनियां भी उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त 50 दुर्गा वाहिनी वाहन भी उपलब्ध करवाए गए।
(आहूजा)