चंडीगढ़ : हरियाणा की मनोहर सरकार के नए मंत्रिमंडल को भाजपा हाईकमान की स्वीकृति मिल गई है। अब किसी भी समय प्रदेश में नए मंत्री शपथ ग्रहण कर सकते हैं। पिछले एक सप्ताह से मुख्यमंत्री मनोहर लाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ मुलाकात के प्रयास में थे, जो रविवार को सफल हुए। बताया जा रहा है कि 12 को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
हरियाणा में हालही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा पूर्ण बहुमत से वंचित रह गई थी। जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन करके सरकार बनाने का ऐलान करने वाली भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा जजपा की तरफ से उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला 27 अक्टूबर को शपथ ग्रहण कर चुके हैं। समझौते के अनुसार जजपा के खाते में 14 में से चार मंत्री पद जाएंगे। भाजपा के पास मुख्यमंत्री के अलावा नौ अन्य मंत्रियों के पद रहेंगे।
नई सरकार में मंत्रियों का संतुलन कायम रखने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल पिछले कई दिनों से दिल्ली दरबार में डेरा डाले हुए हैं।नए मंत्रियों की नियुक्ति के मुद्दे पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक हो चुकी है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के महाराष्ट्र में व्यस्त होने के कारण मनोहर लाल की बैठक नहीं हो सकी थी। विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दो बार दिल्ली जा चुके हैं।
इस मुलाकात के इंतजार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को करतारपुर साहिब कॉरिडोर के उदघाटन समारोह में शामिल नहीं हुए। रविवार को भी मुख्यमंत्री ने अपनी सभी व्यस्तताएं रद्द कर दी थी। रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट तथा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला भी मौजूद रहे।
बताया जाता है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अमित शाह के साथ संभावित मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दे दिया है। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा जातिवाद तथा क्षेत्रवाद को आधार बनाकर संभावित मंत्रियों की सूची तैयार की गई है। अमित शाह की मंजूरी के बाद अब हरियाणा में किसी भी समय मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।