चंडीगढ : लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर पहली बार कमल खिला। लोस चुनाव में विपक्ष का सुपड़ा साफ होने के बाद अब विधानसभा चुनाव में भी विपक्ष को पछाडऩे के लिए भाजपा ने जीत का चक्रव्यूह तैयार कर लिया है। इस चक्रव्यूह को अभेद्य बनाने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा जाटलैंड रोहतक में भाजपा को जीत का गुरु मंत्र देंगे। शनिवार को नड्डा दो दिनों के लिए हरियाणा प्रवास पर आ रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रहे हरियाणा की राजनीति राजधानी रोहतक में नड्डा का शाही स्वागत होगा। नड्डा के शाही स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रोहतक में 27 व 28 जुलाई को भाजपा के मिशन-75 प्लस पर मंथन होगा। जेपी नड्डा के प्रवास को सफल बनाने के लिए 13 बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों की जिम्मेदारी भी अलग अलग नेताओं को सौंपी गई है। इस दौरान जेपी नड्डा पर्यावरण को बचाने का संदेश देते हुए पौधरोपण भी करेंगे।
शाह ने बनाया था हुड्डा पिता-पुत्र का किला ढहाने का चक्रव्यूह
लोकसभा चुनाव से पहले अगस्त 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी तीन दिन के प्रवास पर रोहतक आए थे। अमित शाह ने रोहतक में ही हुड्डा पिता-पुत्र के अलावा विपक्ष का सुपड़ा साफ करने का गणित भाजपा को समझाया था। अमित शाह की प्लानिंग का असर यह रहा कि लोकसभा चुनाव में हुड्डा पिता-पुत्र का किला ढह गया और पूरे विपक्ष का सुपड़ा साफ हो गया। हरियाणा की दस की दस सीटों पर कमल खिल गया। उसी जीत को दोहराने के लिए शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा रोहतक प्रवास पर आ रहे हैं। नड्डा इन दो दिनों में विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं में जीत का मंत्र फूंकेंगे।
मनो अगेन के लिए दो दिनों तक चलेंगी मैराथन बैठकें
हरियाणा में विधानसभा चुनाव की आहट अब चारों तरफ सुनाई देने लगी है। सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा ने भी दोबारा मनोहर लाल खट्टर को सत्ता पर काबिज होने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शनिवार से हरियाणा दौरे पर हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद सांगठनिक दृष्टि जेपी नड्डा का हरियाणा के रोहतक में यह पहला प्रवास है। लोकसभा चुनाव में हुड्डा का किला ढहाने के बाद अब विधानसभा चुनाव में भी हुड्डा पिता पुत्र के अलावा विपक्ष का सुपड़ा साफ करने के लिए रोहतक मैराथन बैठकों का दौर शनिवार से शुरू होगा।