सिरसा : इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनावों में इनेलो की सरकार सत्तासीन होगी मगर इसके लिए कार्यकर्ताओं को पहले से कहीं अधिक मेहनत करनी होगी। वे शुक्रवार को डबवाली रोड स्थित इनेलो कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि हरियाणा न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि विश्व स्तर पर सर्वाधिक विकसित प्रदेश बने क्योंकि यही सपना किसानों और कमेरों के मसीहा चौधरी देवीलाल का था।
सत्ता में आने पर इनेलो की प्राथमिकताओं पर जहां आमजन के लिए बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजी रोटी, कपड़ा और मकान का इंतजाम सरकारी स्तर पर करेगी वहीं दूसरी ओर हरियाणा को हर लिहाज से अव्वल बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव आगामी अक्टूबर माह में होंगे और इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के पास अब ज्यादा वक्त नहीं है, ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की कल्याणकारी नीतियों को अधिक तेजी से प्रचारित प्रसारित करना होगा।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि संसदीय चुनावों में लोगों में भाजपा सरकार के प्रति खासा रोष था, उसके बावजूद मोदी को ही प्रधानमंत्री चुना, मगर अब विधानसभा चुनावों में स्थितियां कुछ ओर हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि लोकसभा चुनावों में इनेलो की जिन सीटों पर जीत तय समझी जाती थी, उस पर भी हार का सामना करना पड़ा मगर किसी भी कार्यकर्ता को निराश होने की जरूरत नहीं और उन्हें पहले से कहीं अधिक मेहनत कर विधानसभा चुनावों में इनेलो को विजयी बनाना है ताकि चौधरी देवीलाल के सपनों के हरियाणा को विकसित किया जा सके।
उन्होंने कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी लगाई कि वे अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें पार्टी में शामिल करें और रूठों को मनाएं। इतना ही नहीं अपने जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उन ईमानदार और पार्टी के प्रति पूरी तरह से समर्पित कार्यकर्ताओं की सूची बनाएं जो जीतने की स्थिति में वजूद रखता हो, फिर चाहे वह किसी भी धर्म, जाति का हो, उस पर पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की राय पर ही फूल चढाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि निश्चित ही प्रदेश में अगली सरकार इनेलो की होगी और जिस प्रकार से पूर्व में इनेलो शासन के दौरान सरकार स्वयं ग्रामीणों की दहलीज पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का हल करती थी, उसी तर्ज पर फिर से व्यवस्था की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के दौरान केंद्र व दिल्ली सरकार ने उनके रास्ते में अनेक कांटे बीजे मगर वे अपने कार्यकर्ताओं से मिलने से नहीं रोक सकी। उन्होंने कार्यकर्ताओं के जोश को बढ़ाते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनावों से पूर्व ही वे अपने कार्यकर्ताओं के बीच होंगे। इससे पूर्व उनके बैठक में आते ही कार्यकर्ताओं ने पार्टी के साथ-साथ उनके समर्थन में जोरदार नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया।