भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा बदलाव करते हुए मनोज तिवारी को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद से हटा दिया है। नए अध्यक्ष के तौर पर आदेश गुप्ता को कार्यभार सौंपा गया है। आदेश गुप्ता नॉर्थ एमसीडी के पूर्व मेयर रह चुके हैं और वर्तमान में काउंसलर हैं।
इसके साथ ही पार्टी ने छत्तीसगढ़ और मणिपुर के राज्य बीजेपी अध्यक्ष के रूप में विष्णु देव साईं और एस टिकेंद्र सिंह को नियुक्त किया है। एस टिकेंद्र सिंह के हाथों में मणिपुर की कमान दी गई है, तो वहीं विष्णु देव साईं को छत्तीसगढ़ बीजेपी का कार्यभार सौंपा गया है।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर यह बड़ा बदलाव किया गया है। इस संबंध में पार्टी महासचिव अरुण सिंह की ओर से आधिकारिक लेटर जारी किया गया है। बता दें कि मनोज तिवारी को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यकाल पूरा हो चुका था, लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन कुछ दिनों के लिए टल गया था।