देश के 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह से मतदान जारी है। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 94 विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर एक बजे तक 32.82 प्रतिशत मतदान हुआ।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से यह जानकारी दी गई।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत प्रदेश के 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर कोविड-19 से बचाव के निर्धारित मापदंड का पालन करते हुए मंगलवार को कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया।
हरियाणा
हरियाणा की बरोदा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार दोपहर एक बजे तक 34 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। कांग्रेस विधायक कृष्ण हुड्डा के निधन के बाद अप्रैल में बरोदा सीट खाली हो गई थी, जिन्होंने 2009, 2014 और 2019 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने इस बार इंदु राज नरवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं बरोदा से भाजपा के उम्मीदवार पहलवान योगेश्वर दत्त हैं। ।
ओडिशा
ओडिशा में विधानसभा की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में दोपहर बाद एक बजे तक कुल 4.67 लाख मतदाताओं में से करीब 40.52 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया था।
झारखंड
झारखंड की दुमका और बेरमो विधानसभा सीट पर उपचुनावों के लिए मंगलवार दोपहर एक बजे तक 46.47 प्रतिशत मतदान हुआ। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से बताया गया कि मंगलवार दोपहर एक बजे तक झारखंड की दुमका सीट के लिए 46.96 प्रतिशत और बोकारो की बेरमो विधानसभा सीट के लिए 46.07 प्रतिशत मतदान हुआ है।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया और अपराह्न एक बजे तक औसतन 30.41 प्रतिशत वोट पड़े।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चंद्र राय ने बताया कि सात सीटों के उपचुनाव के लिये मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चलेगा। दोपहर एक बजे तक सभी सीटों पर औसतन 30.41 प्रतिशत वोट पड़े।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के 28 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का दौर जारी हैं। छिटपुट हिंसा के बीच दोपहर एक बजे तक 42.71 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।