पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यदि राज्य में दहेज हत्या के मामलों पर नियंत्रण कर लिया जाये तो महिलाओं के खिलाफ अपराध में प्रदेश की स्थिति आदर्श हो जायेगी। श्री कुमार ने यहां पुलिस विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध में बिहार का स्थान 29 वां है, लेकिन दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या के मामले में प्रदेश तीसरे स्थान पर है। यदि इस पर नियंत्रण हो जाए तो महिलाओं के खिलाफ अपराध में प्रदेश की स्थिति आदर्श हो जायेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध विशेषकर दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या के मामले पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इससे संबंधित मामलों का थानावार ब्योरा तैयार करने की भी हिदायत दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अराजक तत्व छापेमारी करने वाले पुलिसकर्मियों पर हमला करते हैं, उन पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। इसी तरह साम्प्रदायिक घटनाओं से संबंधित मामलों को भी अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) अपने नियंत्रण में लेकर तुरंत मुकदमा दर्ज करे। ऐसे मामलों में तत्काल गिरफ्तारी के बाद प्राथमिकता के आधार पर ट्रायल कराया जाए।
एस.पी. से रोज जानकारी लेनी है कि जो ट्रायल चल रहा है, उसमें समय पर सरकारी विटनेश उपलब्ध रहे। डिस्ट्रिक्ट जज, जिलाधिकारी एवं एस.पी. का रेग्युलर इंट्रैक्शन होना चाहिए। यह ध्यान रखना है कि जिले में डी.एम. एवं एस.पी. के बीच में आपसी समन्वय बेहतर रहे। पुलिस पदाधिकारियों द्वारा यह जानकारी दी गई कि पिछले ढाई महीने में 37,234 आरोपियों को जेल भेजा गया है।
रेप केस एवं गैंग रेप में तुरत अरेस्टिंग हुआ है। हत्या, चोरी एवं अन्य अपराधों में कमी आयी है। एक-दो महीने में इसके और बेहतर परिणाम सामने आएंगे। बैठक में पुलिस विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को बताया गया कि पिछले ढ़ाई माह में 37 हजार 234 आरोपियों को जेल भेजा गया है। बलात्कार और सामूहिक बलात्कार के मामलों में तत्काल गिरफ्तारी हुई है। हत्या, चोरी एवं अन्य अपराधों में कमी आयी है। पुलिस की ओर से चलाये जा रहे अभियान के कारण एक-दो महीने में इसके और बेहतर परिणाम सामने आएंगे। बैठक में राज्य में पुलिस महानिदेशक पी.के.ठाकुर, विकास आयुक्त शिशिर सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अतीश चंद्रा एवं मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) एस.के.सिंघल, अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था) आलोक राज समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।