भोपाल : भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आगामी 14 जुलाई से जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे। मुख्यमंत्री अपनी जन आशीर्वाद यात्रा उज्जैन से भगवान महाकालेश्वर की पूजा के बाद अपनी तीसरी जन आर्शीवाद की शुरूआत करेंगे। इस मौके पर उज्जैन में एक बड़ी जनसभा होगी, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मुख्यमंत्री की यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। इस जन आशीर्वाद यात्रा के पहले चरण में लगभग 300 किमी का सफर करेंगे और रतलाम में यात्रा के इस चरण को विराम देंगे।
इसी तरह जन आशीर्वाद यात्रा का दूसरा चरण 18 जुलाई को मां शारदा के दर्शन और पूजन के साथ मैहर से शुरू होगा। दो दिन की इस यात्रा को नागौद में विराम दिया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विंध्य अंचल के सात विधानसभा क्षेत्रों में जनता के बीच पहुंचेंगे और आशीर्वाद लेंगे। यह बात प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राकेश सिंह ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा का अंतिम चरण सितंबर माह तक चलेगा और 25 सितंबर को राजधानी भोपाल में होने वाले विशाल कार्यकर्ता महाकुंभ के साथ यात्रा का समापन होगा। महाकुंभ में भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भागीदारी करेगा।
साल 2013 की जन आशीर्वाद यात्रा में शिवराज जी प्रदेश के 206 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचे थे। इस बार यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा को जन आशीर्वाद यात्रा का प्रभारी बनाया गया है। दो हिस्सों में लगातार चलेगी यात्रा: जन आशीर्वाद यात्रा का प्रत्येक चरण दो दिन का होगा और इसके लिए प्रदेश को दो हिस्सों में बांटा गया है। एक हिस्से में विंध्य, बुंदेलखंड और महाकौशल को रखा गया है, जबकि दूसरे हिस्से में भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर-चंबल और मालवा-निमाड़ के विधानसभा क्षेत्र होंगे। इस प्रकार मुख्यमंत्री चौहान सप्ताह में चार दिन जन आशीर्वाद यात्रा पर रहेंगे।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ