रायपुर : छत्तीसगढ़ के चुनावी मिशन में विकास यात्रा लेकर निकले मुख्यमंत्री रमन सिंह ने फिर उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने दोहराया कि अपने कार्यकाल में किए गए कामकाज का हिसाब जनता दरबार में देने के लिए यह यात्रा निकाली है। उन्होंने विपक्ष पर तीखे प्रहार के साथ सरकार की उपलब्धियों पर जोर दिया। विकास यात्रा के बीच कर्नाटक के घटनाक्रम ने जरूर सत्ताधारी दल और सरकार को विचलित किया। कर्नाटक में विश्वास मत हासिल करने से पहले ही येदियुरप्पा के इस्तीफे के सवाल पर सीएम रमन सिंह ने नपा तुला जवाब देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा यही है। अगर बहुमत साबित नहीं कर सकते तो जोर जबर्दस्ती की जरूरत भी नहीं है।
उन्होंने येदियुरप्पा के फैसले को सही कदम ठहराते हुए कहा कि उन्होंने ठीक किया। इधर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष के साथ कांग्रेस के विकास खोजो अभियान पर तीखे प्रहार किए। विकास के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 15 साल वे सिर्फ विकास पर ही समर्पित रहे। बलरामपुर जिले और सरगुजा अंचल का जिक्र करते हुए कहा कि इन इलाकों में शामि ढलते ही कोई नहीं निकलता था। इसके बावजूद उन तत्वों से सरकार लड़ी और अब यह इलाका पूरी तरह शांत है। जिला बनने के बाद विकास के नए सोपान तय किए गए हैं।
जिनको विकास नहीं दिखता वे इस इलाके में आकर देख लें तो उन्हें सब समझ आ जाएगा। उन्होंने दावे किए कि विकास यात्रा में आम जनता का अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन मिल रहा है। इसलिए वे उनके सामने काम का हिसाब दे रहे हैं। बलरामपुर के भौगोलिक बनावट का जिक्र करते हुए कहा कि यहां विकास की कल्पना को सरकार ने साकार किया है। दरअसल, सीएम की विकास यात्रा सरगुजा अंचल में पहुंच गई है। यहां से लौटकर सीधे मैदानी इलाकों में फिर से प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान सीएम के तेवर और भी आक्रामक नजर आ रहे हैं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।