ब्रिटिश किशोरी स्कारलेट एडन क्लिंग की हत्या और दुष्कर्म मामले में बंबई उच्च न्यायालय बुधवार को फैसला सुनाएगा। एक दशक पुराने इस मामले ने पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी थी और यह तमाम अखबारों की सुर्खियों में छाया रहा था।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दो लोगों सैमसंग डीसूजा और प्लासिडो कर्वाल्हो को किशोरी की हत्या और दुष्कर्म का आरोपी बनाया है। किशोरी की उम्र उस समय 15 साल थी। वह अपने परिवार के साथ गोवा में छुट्टियां मना रही थी।
स्कारलेट का शरीर अर्धनग्न अवस्था में अंजुना तट पर 18 फरवरी, 2008 में मिला था। पीड़िता की मां फोना मैकेवन के वकील विक्रम वर्मा ने मंगलवार को कहा कि बंबई उच्च न्यायालय की गोवा खंड इकाई बुधवार को अंतिम फैसला सुनाएगी।
वर्मा ने बताया कि इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आर डी धानुका और न्यायमूर्ति पृथ्वीराज चव्हाण ने की है। सीबीआई का प्रतिनिधित्व वकील एजाज खान कर रहे थे।
गोवा की बाल अदालत ने दोनों आरोपियों को सितंबर, 2016 में रिहा कर दिया था जिसके बाद सीबीआई ने इस फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी।