एशिया के सबसे बड़े एयर शो की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। तेरहवें ‘एयरो इंडिया-2021’ शो का आयोजन बंगलूरू के येलहंका वायुसेना स्टेशन पर होने जा रहा है। 3 से 5 फरवरी तक चलने वाले शो के लिए लड़ाकू विमानों ने कमर कस ली है। शो के लिए रिहर्सल चल रही है। इस साल होने वाले एयरो इंडिया शो को हाइब्रिड एरो इंडिया का नाम दिया गया है, क्योंकि रक्षा उपकरणों के खरीदार ऑनलाइन भी बाजार से खरीद सकेंगे।
इस एयरो इंडिया शो में इस बार लड़ाकू फाइटर प्लेन राफेल भी देखने को मिलेगा। इसके साथ ही देसी लड़ाकू विमान तेजस भी अपने करतब भी दिखाएगा। वहीं रिहर्सल में सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण प्लेन को हवाई कारनामे भी देखने को मिले। एयरो इंडिया-2021 शो के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बेंगलुरु में आज हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड एयरपोर्ट पहुंचे। रक्षा मंत्री 3 से 5 फरवरी तक आयोजित होने वाले एयरो इंडिया शो में भाग लेंगे।
इस शो में कई विमान विशेष ‘फॉर्मेशन’ में उड़ान भरेंगे और इसके अलावा डीआरडीओ ने भी अपने 300 उत्पाद दुनिया के सामने पेश करने की तैयारी की है। कोरोना की वजह से दो साल में एक बार होने वाले एरो इंडिया शो को इस बार पांच दिनों से घटाकर तीन दिन का कर दिया गया है। इस बार एयरो इंडिया शो को दर्शक एयर फोर्स स्टेशन पर बैठकर नहीं देख पाएंगे। उनको ये हवाई करतब घर में ही बैठकर देखना होगा।
बता दें कि वर्ष 1996 में पहले संस्करण के साथ इसकी शुरुआत हुई थी। अब एरो इंडिया, एशिया का सबसे बड़ा और सबसे अहम एरो-शो बन गया है। दुनिया भर की हथियार बनाने वाली कंपनियों की नज़र हर साल भारत में आयोजित होने वाले ‘एयरो इंडिया’ पर रहती है। हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की सेना के बढ़ते दबदबे के मद्देनजर भारत इस सम्मेलन का आयोजन अहम माना जा रहा है।