नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। देशभर के युवाओं तक केंद्र के कार्यों को पहुंचाने के लिए दिल्ली भाजपा रविवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान से नमो अगेन युवा विजय संकल्प महारैली 2019 से हुंकार भरेंगे।
शनिवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने प्रदेश कार्यालय में महारैली की तैयारियों को लेकर संवाददाताओं को संबोधित किया। इस मौके पर उनके साथ कार्यक्रम उपाध्यक्ष अभय वर्मा, भाजयुमो अध्यक्ष सुनील यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।
मनोज तिवारी ने कहा कि 20 जनवरी को ऐतिहासिक रामलीला मैदान एक बार फिर दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित एक महारैली का गवाह होने जा रहा है। इससे पूर्व रामलीला मैदान, दिल्ली भाजपा के ऐतिहासिक रैलियों का स्थान रहा है। सुनील यादव ने कहा कि युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, विधानसभा संयोजक, जिला व 280 मंडल के पदाधिकारियों की टीम ने महारैली की तैयारियों में अपनी संपूर्ण भागीदारी दी।
जुटेंगे दिग्गज नेता
मनोज तिवारी ने कहा कि युवा विजय संकल्प महारैली को मध्य प्रदेश सेे लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रहे और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे। उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर एवं वर्तमान भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा पूनम महाजन मौजूद रहेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं के विकास के लिए अनेक योजनाएं लेकर आए हैं। इसके माध्यम से 15-20 करोड़ से ज्यादा युवा लाभान्वित हुए हैं।
युवाओं को जोड़ने के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर
वही, इस शक्ति प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ा जा सके इसके लिए भाजपा की ओर से एक टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। 18002001080 टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल करके लोग भाजपा से जुड सकते हैं। इसके अलावा इस रैली में बीजेपी नमो अगेन के नारे को बुलंद करेगी।