सुशांत सिंह राजपूत के वित्तीय सौदों की जांच में आगे बढ़ते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को उनकी बहन मीतू सिंह और पूर्व प्रबंधक श्रुति मोदी को तलब किया है। श्रुति सुबह के साढ़े नौ बजे ही ईडी के कार्यालय में पहुंच गई हैं और मीतू के दोपहर तक पहुंचने की संभावना है।

ईडी ने सोमवार को सुशांत के लिव-इन पार्टनर रिया चक्रवर्ती, उनके पिता और भाई के अलावा दिवंगत अभिनेता की वित्तीय जांच से संबंधित अन्य लोगों से भी पूछताछ की। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को बांद्रा के अपने फ्लैट में फांसी के फंदे से लटकते हुए पाए गए थे। उनके परिवार ने रिया चक्रवर्ती सहित कुछ लोगों के खिलाफ सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित धन शोधन के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती तथा उनके परिवार के सदस्यों से सोमवार को करीब नौ घंटे पूछताछ की। रिया, उनके भाई शौविक तथा पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती पूर्वाह्न करीब 11 बजे बलार्ड एस्टेट इलाके में स्थित प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय पहुंचे। उन्हें सोमवार को पेश होने के लिए सम्मन भेजा गया था।
मुंबई पुलिस की महिला कर्मियों के साथ रिया को और साथ में उनके भाई शौविक को रात नौ बजे के कुछ समय बाद ईडी कार्यालय से निकलते हुए देखा गया। दिन में एजेंसी ने रिया और राजपूत की प्रबंधक श्रुति मोदी तथा दिवंगत अभिनेता के मित्र एवं रूममेट सिद्धार्थ पिठानी से भी पूछताछ की।


Download Android App
Download iOS App



