केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर शरिया कोर्ट की स्थापना को लेकर हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने राहुल पर शरियत कोर्ट के बहाने देश को बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल जी अंबेडकर की चर्चा करते हैं, गांधी का नाम लेते है पर अंबेडकर और गांधी ने कभी नहीं कहा कि देश को फिर से बांटने के लिए देश में अलग से कोर्ट (शरिया) की स्थापना होगी। ये सब उनके अल्पसंख्यक बुद्धिजीवी बुद्धि से हो रहा है।
गिरिराज सिंह ने कहा, देश का विभाजन करने की साजिश हो रही है। यह राहुल गांधी द्वारा मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ मुलाकात करने से शुरू हुआ था। वह संविधान को खत्म करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्हें राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। एक देश एक कानून स्वीकार्य है, एक देश दो कानून नहीं।
बता दें कि देश में मुसलमानों का सबसे बड़ा संगठन अखिल भारतीय मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड इस्लामी कानूनों के अनुरूप मुद्दों को हल करने के लिए देश के सभी जिलों में दारुल-कजा यानी शरीयत अदालत खोलने की योजना बना रहा है। इस प्रस्ताव को 15 जुलाई को दिल्ली में हुई बैठक में चर्चा के लिए रखा गया था। हालांकि बोर्ड के फैसले का हर तरफ विरोध हो रहा है।
वैसे यह पहली बार नहीं है जब गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा हो, इससे पहले भी केन्द्रीय मंत्री ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर की “हिंदू पाकिस्तान” वाली टिप्पणी को “देश को तोड़ने वाली बात” करार दिया था और कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को माफी मांगनी चहिए। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल के कहने पर थरूर ने ऐसी बातें कही हैं तो उसके लिए माफी मांगनी चाहिए क्योंकि ये देश को तोड़ने वाली बात है।