दिवाली के बाद विमानों में प्रतिदिन 3 लाख लोग यात्रा करने लगेंगे : हरदीप सिंह पुरी

Summary :

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया कि इस दिवाली और साल के अंत तक भारत में विमान यात्रियों की संख्या मामले में कोरोना से पहले जैसी स्थिति देखने को मिलेगी।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया कि इस दिवाली और साल के अंत तक भारत में विमान यात्रियों की संख्या मामले में कोरोना से पहले जैसी स्थिति देखने को मिलेगी। एक दिन में 3,00,000 यात्री यात्रा करने लगेंगे। 
उच्च सदन में विमान (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान पुरी ने इस बारे में बात की, जिसे लोकसभा ने पिछले सत्र में मंजूरी दे दी थी। जहां तृणमूल कांग्रेस के सांसद दिनेश त्रिवेदी ने एयर इंडिया के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं कांग्रेस के के.सी. वेणुगोपाल ने हवाईअड्डों की नीलामी जीतने वाले अडानी समूह का मुद्दा उठाया। 
त्रिवेदी ने सदन में आग्रह किया, “जब आप वंदे भारत मिशन की सराहना करते हैं, तो याद रखें कि वह एयर इंडिया था जो रेस्क्यू के लिए आगे आया था। अगर एयर इंडिया नहीं होगा, तो कोई निजी क्षेत्र नहीं होगा, इसे सुधार की जरूरत है, इसे न बेचें।”
वेणुगोपाल ने कहा, “अडानी समूह ने छह हवाईअड्डों को संचालित करने और विकसित करने के लिए नीलामी जीती है। एक निजी इकाई को हवाईअड्डे देने में मानदंडों का स्पष्ट उल्लंघन है। सरकार ने अपने कुछ मंत्रालयों और विभागों की सलाह को नजरअंदाज कर दिया। मानदंडों में बदलाव से अडानी समूह सभी छह नीलामी बोलियां जीतने में कामयाब रहा।”
डीजीसीए, ‘ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी’ (बीसीएएस) और ‘एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो’ (एएआईबी) को ‘विमान (संशोधन) बिल’, 2020 से एक वैधानिक समर्थन मिलता है। 

Ujjwal Jain