भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 92605 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिनके साथ देश में संक्रमण के कुल आंकड़े 54 लाख के पार हो गए हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों से रविवार को मिली।
भारत में बीते दिन संक्रमण से 1133 मौतें दर्ज की गई। इसके बाद मरने वालों की संख्या 86752 हो गयी है। वहीं यहां अब तक 53,08,014 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। देश में कोविड-19 से उबर चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 43,03,043 हो गई है और कोविड-19 संबंधी मृत्यु दर अब 1.61 प्रतिशत है। देश में अब भी 10,10,824 लोग वायरस से संक्रमित हैं। यह संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 18.72 प्रतिशत है। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख से अधिक हो गई थी।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 19 सितंबर तक 6,36,61,060 नमूनों की जांच की जा चुकी है। शनिवार को 12,06,806 नमूनों की जांच की गई। गौरतलब है कि भारत कोरोना मामलों में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। वहीं रिकवरी के मामले में भारत अमेरिका से आगे चल रहा है।