कोरोना काल में आज कड़े इंतजामों के बीच संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हुई। लोकसभा में नई व्यवस्था को आज ध्वनिमत से मंजूरी दे दी हालांकि विपक्ष ने प्रश्नकाल नहीं कराने के निर्णय को लोकतंत्र का गला घोंटने वाला फैसला बताते हुए तीखा विरोध व्यक्त किया। लोकसभा की कार्यवाही को मंगलवार दोपहर 3:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
लोकसभा की कार्यवाही आज सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक चली, जबकि राज्यसभा की दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक चलेगी। बाकी दिनों में राज्यसभा की कार्यवाही सुबह की पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगी, वहीं लोकसभा दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक बैठेगी।
सत्रहवीं लोकसभा के चौथे सत्र के पहले दिन कार्यवाही आरंभ होने पर सबसे पहले दिवंगत सदस्य एवं पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गयी। करीब सवा दस बजे सदन पुन: समवेत हुआ।
डीएमके और दूसरे दलों ने संसद के बाहर NEET एग्जाम रद्द करने की मांग को लेकर किया विरोध प्रदर्शन
अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि असाधारण परिस्थितियों में हो रहे इस सत्र में संसद के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब लोकसभा के सदस्य राज्यसभा के चैंबर और दर्शक दीर्घाओं में भी बैठेंगे जिनके माध्यम से देश की जनता संसद की कार्यवाही देखा करती है। यह प्रयास एवं सुरक्षा इंतजाम सांसदों के बीच शारीरिक दूरी बनाये रखने के उद्देश्य से किया गया है।
संसद की कार्यवाही का डिजीटलीकरण किया गया है। मोबाइल ऐप के जरिये उपस्थिति दर्ज करायी जा सकती है, ऑनलाइन प्रश्न पूछे जा सकते हैं और उनके उत्तर पाए जा सकते हैं। ओम बिरला ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर सदस्यों को तकलीफ होने की शिकायतें आयीं हैं लेकिन ये सब उनकी सुरक्षा के लिए है।
उन्होंने कहा कि संसद भारत की 130 करोड़ जनता की आशा आकंक्षाओं का प्रतीक है और यहां से जनता की प्रगति एवं उत्कर्ष तय होता है। देश की जनता ने कोरोना की महामारी से निपटने में अछ्वुत एकता एवं सकारात्मकता का परिचय दिया है। केंद्र राज्य एवं सभी पक्षों के साथ मिल कर हम सब कोरोना पर शीघ्र ही विजय प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी से बचने के उद्देश्य से इस बार सदन के संचालन में कुछ बदलाव किए गए हैं। यह फैसला हुआ है कि सदन की कार्यवाही केवल चार घंटे होगी। सदस्य सीट पर बैठकर ही बोलेंगे। लोकसभा चेंबर, राज्यसभा चेंबर लोकसभा दर्शक दीर्घा और राज्यसभा दर्शक दीर्घा में विभिन्न दलों को सीटें आवंटित कर दी गयीं हैं।